Kumar Ravi becomes DM of Patna पटना के डीएम संजय अग्रवाल हटे, गया के डीएम कुमार रवि पटना के नए डीएम , Bihar Hindi News - Hindustan
Hindi Newsबिहार न्यूज़Kumar Ravi becomes DM of Patna

पटना के डीएम संजय अग्रवाल हटे, गया के डीएम कुमार रवि पटना के नए डीएम 

वर्ष 2017 के अंतिम दिन रविवार को राज्य सरकार ने 6 आईएएस और 23 आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इनमें गया और पटना के डीएम बदले हैं जबकि जमुई, पश्चिम चम्पारण व सुपौल में नए एसपी भेजे गए...

हिन्दुस्तान ब्यूरो  पटना Mon, 1 Jan 2018 06:52 AM
share Share
Follow Us on
पटना के डीएम संजय अग्रवाल हटे, गया के डीएम कुमार रवि पटना के नए डीएम 

वर्ष 2017 के अंतिम दिन रविवार को राज्य सरकार ने 6 आईएएस और 23 आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इनमें गया और पटना के डीएम बदले हैं जबकि जमुई, पश्चिम चम्पारण व सुपौल में नए एसपी भेजे गए हैं। 
गया के डीएम कुमार रवि को पटना का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। कुमार रवि अगले आदेश तक बंदोबस्त पदाधिकारी पटना के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे। वहीं, पटना नगर निगम के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी व निगमायुक्त अभिषेक सिंह को गया का जिलाधिकारी बनाया गया है। श्री सिंह अगले आदेश तक बंदोबस्त पदाधिकारी गया के प्रभार में भी रहेंगे। दूसरी ओर पटना के डीएम संजय कुमार अग्रवाल को परिवहन विभाग का सचिव बनाया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने रविवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। 
विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन के अपर मिशन निदेशक व वाणिज्य कर विभाग में वस्तु व सेवा कर के अपर निदेशक सतीश कुमार वर्मा को वाणिज्य कर विभाग का वाणिज्य कर आयुक्त बनाया गया है। प्रतिमा वर्मा बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी के अपर मिशन निदेशक के प्रभार में रहेंगी। श्रम संसाधन विभाग के विशेष सचिव पंकज कुमार पाल को मुंगेर प्रमंडल का आयुक्त बनाया गया है। श्री पाल बिहार कौशल विकास मिशन में अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी व निदेशक नियोजन व प्रशिक्षण के प्रभार में भी थे। 
वहीं, गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार दिनेश कुमार विष्ट अपर पुलिस महानिदेशक आधुनिकीकरण को अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) बनाया गया है। आर्थिक अपराध इकाई के आईजी जितेन्द्र सिंह गंगवार को विशेष शाखा का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। श्रीगंगवार अपने कार्यों के अतिरिक्त आर्थिक अपराध इकाई के भी प्रभार में रहेंगे। दरभंगा प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुनील कुमार झा को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो का अपर पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। गृह विभाग के विशेष सचिव जितेन्द्र कुमार अपर पुलिस महानिदेशक एससीआरबी तकनीकी सेवाएं व आधुनिकीकरण होंगे। 
आईजी पंकज कुमार दाराद दरभंगा प्रक्षेत्र के आईजी  : रेल आईजी अमित कुमार को गृह विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। प्रोविजनिंग के पुलिस महानिरीक्षक व आतंकवाद निरोधक दस्ता के आईजी पंकज कुमार दाराद को दरभंगा प्रक्षेत्र का आईजी बनाया गया है। एससीआरबी के आईजी कमल किशोर सिंह अपने कार्यों के अतरिक्त अगले आदेश तक आईजी प्रोविजनिंग के प्रभार में भी रहेंगे।  
रत्न संजय पुलिस महानिरीक्षक मद्य निषेद्य होंगे : विशेष निगरानी इकाई के आईजी रत्न संजय कटियार पुलिस महानिरीक्षक मद्य निषेद्य होंगे। रत्न संजय विशेष निगरानी इकाई के भी प्रभार में रहेंगे। तकनीकी सेवाएं के आईजी प्रदीप कुमार श्रीवास्तव को आईजी (कमजोर वर्ग) अपराध अनुसंधान विभाग बनाया गया है। शाहाबाद क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक मो. रहमान को पुलिस महानिरीक्षक तकनीकी सेवाएं बनाए गए हैं। पश्चिम चम्पारण के एसपी विनय कुमार को मगध क्षेत्र गया का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। 
विशेष शाखा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार वर्मा को सारण क्षेत्र का पुलिस उप महानिरीक्षक बनाया गया है। सुपौल के एसपी कुमार एकले को शाहाबाद क्षेत्र डेहरी आन सोन का पुलिस उप महानिरीक्षक बनाया गया है। बिहार पुलिस अकादमी के सहायक निदेशक रत्नमणि संजीव को गृह रक्षा वाहिनी व अग्निशाम सेवाएं पटना के उप पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। बिहार सैन्य पुलिस डुमरांव के समादेष्टा राजेन्द्र प्रसाद को बिहार सैन्य पुलिस मुजफ्फरपुर का पुलिस उप महानिरीक्षक बनाया गया है। 
जमुई के एसपी जयंतकांत पश्चिम चम्पारण के एसपी : निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के एसपी सुरेश कुमार चौधरी को कोसी क्षेत्र सहरसा का पुलिस उप महानिरीक्षक बनाया गया है। जमुई के एसपी जयंतकांत को पश्चिम चम्पारण का एसपी बनाया गया है। विशेष शाखा के सहायक पुलिस अधीक्षक गौरव मंगला को एसपी नगर गया बनाया गया है। गया नगर के पुलिस अधीक्षक जगुनाथरेड्डी जलारेड्डी को जमुई का एसपी बनाया गया है। बक्सर के एसपी राकेश कुमार अपने कार्यों के अतिरिक्त बिहार सैन्य पुलिस चार डुमरांव के अतिरिक्त समादेष्टा सह प्राचार्य बिहार सैन्य पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र डुमरांव के प्रभार में भी रहेंगे। बिहार सैन्य पुलिस तीन बोधगया के समादेष्टा मृत्युंजय कुमार चौधरी को पुलिस अधीक्षक सुपौल बनाया गया है। 
केशव रंजन होंगे पटना के निगमायुक्त 
पर्यटन विभाग के विशेष सचिव बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी केशव रंजन प्रसाद को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक पटना नगर निगम का मुख्य कार्यपालक सह निगमायुक्त बनाया गया है। उल्लेखनीय है भारतीय प्रशासनिक सेवा में नियुक्ति के लिए केशव रंजन के नाम की अनुशंसा की गई है।